कुरुक्षेत्र। नव वर्ष 2026 धर्मनगरी के लिए विकास और सुविधाओं की दृष्टि से बेहद खास साबित होगा। नए साल में जिले को करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रही अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अत्याधुनिक बहुमंजिला अस्पताल, शिक्षा के क्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज और आयुष विश्वविद्यालय का विस्तार, खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल परिसरों का नवीनीकरण और विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी। परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और आधुनिक बस अड्डे जैसी योजनाएं जिले की तस्वीर बदल देंगी।
8 अगस्त तक पूरा होगा 88 करोड़ से बनने वाले 200 बेड के सात मंजिला अस्पताल का भवन
88 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला सात मंजिला, 200 बेड का वातानुकूलित अस्पताल 8 अगस्त 2026 तक मिल जाएगा। भवन निर्माण कार्य की शुरुआत 23 अगस्त 2024 को की गई थी, जिसे 23 अगस्त 2026 तक पूरा किया जाना है। सात मंजिला भवन में बेसमेंट पार्किंग, ओपीडी, विभिन्न विशेषज्ञ विभाग और अन्य आवश्यक सेवाएं शामिल होंगी। इसके अलावा सेक्टर चार स्थित पॉलिक्लीनिक में संचालित मलेरिया विभाग और डायलिसिस सेंटर को भी नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा। जिलावासियों को कैथ लैब में एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की सुविधा मिलेगी। वहीं लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, इको और टीएमटी जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। वर्ष 2026 में एसडीएच पिहोवा व सीएचसी मथाना में महिलाओं की सिजेरियन डिलीवरी शुरू होगी।
ड्रीम प्रोजेक्ट : 350 करोड़ के एलिवेटेड ट्रैक पर मार्च में दाैड़ने लगेंगी ट्रेनें
नव वर्ष 2026 में धर्मनगरी को एलिवेटेड ट्रैक की सौगात मिलेगी। 350 करोड़ का यह ड्रीम प्रोजेक्ट मार्च माह में पूरा होने की उम्मीद है जिसके कारण इस पर जोरों से काम चल रहा है। एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसके अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन का कार्य भी अंतिम चरण में है। छह किलोमीटर लंबा यह प्रोजेक्ट पूरा होने पर शहर को कुरुक्षेत्र-जींद रेल मार्ग पर एक साथ पांच फाटकों से निजात मिलेगी। हरियाणा रेल अवसंरचना विकास निगम (एचआईआरडीसी) की ओर से करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से यह प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। इसमें से करीब 250 करोड़ रुपये का बजट केवल एलिवेटेड ट्रैक पर खर्च किया गया है। थानेसर के पुराने स्टेशन की जगह पर एलिवेटेड के नीचे नया स्टेशन बनाया जा रहा है और उसके ऊपर 600 मीटर लंबा प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म को सहारा देने के लिए 22 मजबूत स्तंभ तैयार किए जा चुके हैं। स्टेशन परिसर में आधुनिक बुकिंग काउंटर, लिफ्ट और एस्केलेटर, बेहतर वेटिंग एरिया, उन्नत सुरक्षा प्रबंधन जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे यात्रियों को स्टेशन पर एक नया अनुभव मिलेगा।
खेल परिसरों का होगा नवीनीकरण
जिले के पांच राजीव गांधी ग्रामीण खेल परिसरों का 85 लाख 31 हजार 600 रुपये की लागत से नवीनीकरण किया जाएगा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 5.5 करोड़ रुपये की लागत से हॉकी एस्ट्रोटर्फ बनकर तैयार हो चुका है जिसकी सौगात खिलाड़ियों को 2026 में मिलेगी। विश्वविद्यालय खेल मैदान में करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से एथलेटिक्स ट्रैक बिछाया जाएगा। साथ ही आठ करोड़ रुपये की लागत से ऑल वेदर स्वीमिंग पूल का कार्य भी शुरू हो चुका है। इन सुविधाओं से विश्वविद्यालय स्तर के खिलाड़ियों को बड़ी मजबूती मिलेगी। जिले में 54 करोड़ की लागत से बनने वाले साइकिलिंग वेलोड्रम का निर्माण कार्य शुरू होने के आसार हैं।
नए साल में थानों-चौकियों को मिलेंगे
नए भवन, हाईटेक होगी पुलिस
नए साल 2026 में कई थाने और चौकियां जो वर्तमान में जर्जर भवनों या अन्य विभागों की इमारतों में अस्थायी रूप से चल रही हैं, उन्हें जल्द अपना स्थायी और आधुनिक भवन मिलेगा। पुलिस मुख्यालय से स्वीकृति मिलते ही अधिकतर थानों-चौकियों का नवनिर्माण, नवीनीकरण या शिफ्टिंग का कार्य शुरू हो जाएगा। वर्तमान में थाना शहर पिहोवा रैन बसेरे की इमारत में, सेक्टर-चार चौकी प्राथमिक स्कूल भवन में और केयूके थाना व पर्यटन पुलिस चौकी ब्रह्मसरोवर परिसर में संचालित हो रहे हैं। कृष्णा गेट थाना छोटा व जर्जर हो चुका है और सब्जी मंडी चौकी की हालत भी खस्ता है। महिला थाना भवन में ही ट्रैफिक डीएसपी कार्यालय, साइबर थाना और आर्थिक अपराध शाखा चल रही है।
नर्सिंग कॉलेज का पहला बैच होगा शुरू
धर्मनगरी को 2025 में राजकीय नर्सिंग कॉलेज की सौगात मिल गई है। खेड़ी रामनगर गांव में करीब 44.40 करोड़ रुपये की लागत यह कॉलेज तैयार किया गया है जो जिले का पहला नर्सिंग कॉलेज है। इसका केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अक्तूबर में उद्घाटन किया था। नव वर्ष में इसमें दाखिले शुरू होंगे। कॉलेज का कैंपस साढ़े पांच एकड़ भूमि में बनाया गया है। राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र 2017 से संचालित है। यहां लगभग 15 कोर्स कराए जा रहे हैं। संस्थान निदेशक संदीप के अहलावत ने बताया कि नए कैंपस के लिए 20 एकड़ भूमि के लिए पत्राचार किया गया है, जो नए साल में मिलने की उम्मीद है। आयुष विश्वविद्यालय का आयुर्वेद कॉलेज वर्ष 2017 से संचालित है। कुलपति वैद्य प्रो. करतार सिंह धीमान का कहना है कि कैंपस की टेंडर प्रक्रिया जारी है और अगले वर्ष के पहले क्वार्टर में निर्माण कार्य शुरू होगा। 100 एकड़ का कैंपस बनने पर विश्वविद्यालय ओर भी सुविधाओं से सुसज्जित होगा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में रोज गार्डन का कायाकल्प, हॉकी एस्ट्रोटर्फ का उद्घाटन होगा, ऑडिटोरियम का नवीनीकरण और ऑल वेदर स्वीमिंग पूल निर्माण प्रस्तावित है। इसी के साथ ढाई करोड़ की लागत से जिले के सरकारी स्कूल अपग्रेड होंगे। विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी, लैब और सौंदर्यीकरण के कार्य होंगे।
कुरुक्षेत्र। थाना कृष्णा गेट। संवाद
कुरुक्षेत्र। थाना कृष्णा गेट। संवाद
कुरुक्षेत्र। थाना कृष्णा गेट। संवाद
कुरुक्षेत्र। थाना कृष्णा गेट। संवाद