कुरुक्षेत्र। खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल। संवाद
कुरुक्षेत्र। रविवार को तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई जिससे दिन के समय गर्माहट बढ़ गई। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय तेज धूप होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम में बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में भी अंतर देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, जबकि दोपहर के समय गर्मी बढ़ने लगी है। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम हो गई है।
तापमान में होगी बढ़ोतरी
मौसम विशेषज्ञ डॉ. ममता ने बताया कि आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। जिले में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी से दिन के समय गर्मी का प्रभाव और अधिक महसूस होगा।
किसानों को सतर्कता बरतने की सलाह
कृषि विभाग ने भी बढ़ते तापमान के कारण किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कृषि उपनिदेशक डॉ. कर्म चंद ने बताया कि इस समय गेहूं की फसल दाने बनने की अवस्था में है। ऐसे में अचानक बढ़ने वाली गर्मी फसल के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। अधिक तापमान के कारण दानों का भराव प्रभावित हो सकता है जिससे उत्पादन पर असर पड़ने की संभावना रहती है। किसानों को सलाह दी कि खेतों में नमी बनाए रखने के लिए समय-समय पर सिंचाई करते रहें और फसल की नियमित निगरानी करें, ताकि किसी भी समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।