कुरुक्षेत्र। रत्नावली महोत्सव के दूसरे दिन ओपन थिएटर में हरियाणवी सांग देखने के लिए बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। दोपहर 2 बजे प्रस्तुतियां शुरू होनी थीं, लेकिन इससे पहले ही भिवानी, कैथल, करनाल और जींद सहित प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग जुटने लगे थे। सांग की प्रस्तुतियों ने बुजुर्गों को पुराने दौर की याद दिला दी। उनके लिए यह केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरियाणा की उस लोक परंपरा से जुड़ने का अवसर था, जो कभी गांवों में मनोरंजन का प्रमुख माध्यम हुआ करती थी।
ओपन मंच पर सांग की शुरुआत गवर्नमेंट कॉलेज, हिसार के 15 विद्यार्थियों की ओर से चाप सिंह-सोमवती का सांग से हुई। करीब 90 मिनट तक चली इस प्रस्तुति में कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को बांधे रखा। लखमी चंद की सांग परंपरा से जुड़ी इस कथा में मुगल बादशाह शाहजहां के शासनकाल की पृष्ठभूमि में वीर राजपूत योद्धा चाप सिंह और राजकुमारी सोमवती की कहानी दिखाई गई। इसमें सेनापति शेरखान के षड्यंत्रों और सोमवती के संघर्ष को मंचित किया गया।
वहीं, केयू कैंपस की टीम ने करनाल जिले के एक गांव की सच्ची घटना पर आधारित सांग से बेटियों की शिक्षा और समान अवसर का संदेश दिया। 15 कलाकारों ने ग्रामीण परिवेश को जीवंत किया। कहानी में आर्थिक तंगी के बावजूद मीनू अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रयास करती है और गांव की दूसरी लड़कियों की सुविधा के लिए सरकारी बस सेवा शुरू करवाने की पहल करती है। वहीं, दसवीं के बाद विज्ञान विषय पढ़ने की इच्छुक भारती को शिक्षक के विरोध का सामना करना पड़ता है, लेकिन वह अपने आत्मविश्वास और मेहनत से अपनी योग्यता साबित करती है।
सांग देखने पहुंचे बुजुर्गों ने बताया कि एक समय था, जब लोग 20-20 मील दूर से सांग देखने आते थे। रातभर चलने वाली प्रस्तुतियों में लोग सुबह तक बैठे रहते थे। उस दौर में नल-दमयंती, सत्यवान-सावित्री, मीराबाई, पूरण भगत, शाही लकड़हारा, सेठ ताराचंद और ज्यानी चोर जैसे सांग लोकप्रिय थे। समय के साथ इस लोकविधा के स्वरूप में बदलाव आया है, लेकिन रत्नावली जैसे मंचों पर प्रस्तुतियों से इसे फिर से पहचान मिल रही है।
फोटो 21
लखमी चंद की रागनियां आज भी याद
गांव पूंडरी के बुजुर्ग रामकुमार ने बताया कि वह खुद लखमी चंद की रागनियां गाते हैं। पहले सांग देखने के लिए कई-कई किमी दूर जाना पड़ता था। कलाकार अपनी गायकी, संवाद और अभिनय से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखते थे। उन्होंने कहा कि आज पहले जैसा आकर्षण भले न रहा हो, लेकिन पुराने सांगी कलाकारों से नई पीढ़ी को सीखने की जरूरत है।
फोटो 20
पहले घंटों तक चलता था सांग
गांव यारा के बुजुर्ग राम रतन ने बताया कि पहले सांग कई-कई घंटे तक चलते थे। लोग 15 से 20 किलोमीटर दूर से सांग देखने आते थे। अब प्रस्तुतियों की अवधि कम हो गई है और पहले जैसा माहौल भी कम देखने को मिलता है। इसके बावजूद रत्नावली में सांग का आयोजन इस लोक परंपरा को जीवित रखने का अच्छा प्रयास है।
फोटो 19
साइकिल पर चाचा के साथ जाते थे सांग देखने
गांव सारसा के शमशेर ने बताया कि बचपन में वह अपने चाचा के साथ साइकिल पर बैठकर सांग देखने जाते थे। उस समय सांग गांवों में मनोरंजन और मेल-मिलाप का प्रमुख माध्यम था। उन्होंने कहा कि समय बदल गया है, लेकिन आज भी सांग देखने में आनंद आता है। वह विशेष रूप से रत्नावली महोत्सव में सांग की प्रस्तुति देखने के लिए पहुंचे।