कुरुक्षेत्र। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के केशव सदन में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर शिक्षा विभाग की ओर से गीता पर आधारित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष कंवलजीत कौर ने किया।
उन्होंने कहा कि गीता का ज्ञान प्राणी मात्र के सुखी जीवन का मार्ग प्रशस्त करता है और विशेषकर विद्यार्थियों के लिए गीता ज्ञान बहुत उपयोगी है। विद्यार्थियों को नियमित रूप से गीता पढ़नी चाहिए और इसकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने बताया कि आगामी 30 नवंबर तक चलने वाली स्पर्धाओं के अंतर्गत छह विधाओं में 22 जिलों के कुल 1200 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने कहा कि जिस प्रकार विद्यार्थी गीता पर आधारित स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक ढंग से भाग ले रहे हैं, वह अपने आप में बहुत सुखद है। विद्यार्थियों ने गीता के श्लोकों का जिस प्रकार उच्चारण किया है वह प्रशंसनीय है। राज्यस्तरीय स्पर्धाओं के अंतर्गत 28 नवंबर को कक्षा छह से आठ वर्ग की निबंध, पेंटिंग, गीता संवाद, श्लोकोच्चारण व भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसी प्रकार 29 नवंबर को कक्षा नौ से 12 वर्ग की पांचों स्पर्धाएं संपन्न करवाई जाएंगी। दोनों वर्गों की गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता व समापन और पुरस्कार वितरण समारोह 30 नवंबर को संपन्न होगा।