कुरुक्षेत्र। देश में विज्ञान और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले वैज्ञानिकों को सम्मानित करने के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने गोयल पुरस्कार 2025-26 की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय दिसंबर के तीसरे सप्ताह में पुरस्कारों की घोषणा करेगा। इसके लिए नामांकन जनवरी 2027 में आमंत्रित किए जाएंगे।
सोमवार को हुई आयोजन समिति की बैठक में पुरस्कारों की प्रक्रिया और समय-सीमा पर चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि नामांकन संबंधी विज्ञापन वैज्ञानिक शोध पत्रिका करेंट साइंस के जनवरी अंक में प्रकाशित कराया जाएगा। आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि मार्च के मध्य या तीसरे सप्ताह में रखने का प्रस्ताव है। समिति ने पुरस्कारों से जुड़े ब्रोशर और प्रेस विज्ञप्ति को अंतिम रूप देने पर भी विचार किया।
पुरस्कार में दिए जाते हैं दो लाख रुपये
गोयल पुरस्कार के साथ प्रत्येक वैज्ञानिक को दो लाख रुपये, पदक और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है, जबकि युवा वैज्ञानिक पुरस्कार में एक लाख रुपये, पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाते हैं। अप्लाइड साइंस, रासायनिक विज्ञान, जीवन विज्ञान और भौतिक विज्ञान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को दिए जाते हैं। इसके साथ ही 45 वर्ष से कम आयु के चार युवा वैज्ञानिकों को राजीब गोयल यंग साइंटिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया जाता है।