संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा में भाजपा सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने सरकार से चुनाव के दौरान किए गए वादों का पूरा हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की है। उन्होंने महिलाओं को 2100 रुपये मासिक देने, युवाओं को सरकारी नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराने, फसलों की एमएसपी पर खरीद और मुफ्त उपचार जैसी घोषणाओं का जिक्र करते हुए पूछा कि सरकार बताए कि अब तक कितने वादे पूरे हुए और कितने लोगों को इनका लाभ मिला।
वे बुधवार को कुरुक्षेत्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जनता से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन अब लोग उनका जमीनी हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को दो लाख पक्की सरकारी नौकरियां और पांच लाख अन्य रोजगार के अवसर देने, 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद, पांच लाख आवास उपलब्ध कराने, प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक मुफ्त उपचार और 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की घोषणाएं की थीं। सरकार को इन वादों की प्रगति और लाभार्थियों की संख्या सार्वजनिक करनी चाहिए।
उन्होंने हरियाणा कौशल रोजगार निगम को लेकर भी सवाल उठाए। बौद्ध ने आरोप लगाया कि युवाओं को स्थायी रोजगार देने के बजाय अस्थायी व्यवस्था में रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी और पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। सरकार बताए कि दो वर्षों में कितनी नियमित भर्तियां हुईं और कितने युवाओं को नियुक्तियां मिलीं।
राज्यसभा सांसद ने प्रदेश में बढ़ते अपराध पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि फिरौती की घटनाओं से नागरिकों और व्यापारियों में असुरक्षा बढ़ रही है। हरियाणा एनसीआर क्षेत्र में साइबर अपराध का गढ़ बनता जा रहा है। सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह, थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा और शाहाबाद विधायक रामकरण काला मौजूद रहे।