कुरुक्षेत्र। थीम पार्क में अपनी मांग पूरी कराने के लिए पक्का मोर्चा लगाए पीजीआई रोहतक के कर्मचारियों को अब कुछ आस जगी है। सरकार की ओर से पीजीआई को पत्र जारी कर इन कर्मचारियों को एचकेआरएन में लिए जाने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। इससे कर्मचारियों को कुछ राहत दिखाई दी है लेकिन उन्होंने एलान किया है कि जब तक भर्ती नहीं की जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
12 दिसंबर से मोर्चा लगाए बैठे कर्मचारी मंगलवार को भी आंदोलन पर रहे और करनाल में भारतीय किसान यूनियन की ओर से किए गए रोष प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे। वहीं यूनियन महासचिव महेश कुमार का कहना है कि सरकार इस तरह के पत्र पहले भी जारी कर चुकी है लेकिन उनका कोई परिणाम नहीं निकल पाया। अब फिर पत्र जारी किया है लेकिन अभी तक पोर्टल नहीं खोला गया है।
जब तक कर्मचारियों को भर्ती नहीं किया जाता तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। 9 जनवरी को वे जंजीरें पहनकर जिला उपायुक्त कार्यालय के अलावा शहर के चौक-चौराहों पर खड़े होंगे और अपना रोष प्रकट करेंगे। उनका कहना है कि उनकी मांग पूरी तरह से जायज है।