इस्माईलाबाद। नगर पालिका को भंग करने का जिन्न फिर बोतल से बाहर निकल गया है। इस मांग को लेकर धरने प्रदर्शन पर बैठे लोग हस्ताक्षर अभियान चलाए हुए हैं। उन्होंने अपने साथ जनमत को जोड़ने के लिए पैदल मार्च निकला। वे सरकार व प्रशासन से नगरपालिका को भंग करने की मांग लेकर नारेबाजी करते हुए विभिन्न बाजारों से निकले।
यहां बता दें नगर निकाय चुनाव से पहले भी नगर पालिका को भंग करने का मामला खूब चर्चा में रहा। नगर की विभिन्न संस्थाओं से जुड़े कई लोग पालिका को भंग करने की मांग पर आंदोलनरत रहे। इन प्रदर्शनकारियों ने 20 दिन से ज्यादा धरना प्रदर्शन किया था, मगर प्रदर्शनकारियों में से कुछ लोगों को विभिन्न राजनैतिक दलों से अपने चुनाव चिह्न पर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का प्रस्ताव मिला तो अपने स्वार्थ के लिए वे लोग चुनावी मैदान में उतर आए, जिससे यह आंदोलन कमजोर पड़ गया।
अब नए सिरे से लोग इस मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों का पैदल मार्च बस अड्डे से शुरू होकर पूरे नगर की परिक्रमा करते हुए नगर पालिका कार्यालय के बाहर पहुंचा। यहां पर मार्च में मौजूद लोगों ने नगरपालिका भंग करने को लेकर जमकर नारेबाजी की। पैदल मार्च की अगुवाई कर रहे नरेंद्र कौशल और बिंदा सिंह ने बताया वे पिछले कई दिनों से नगरपालिका को भंग करवाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हुए है, लेकिन उनकी मांग को सुनने के लिए कोई नहीं आया। उन्होंने पैदल मार्च निकाल कर जनमत को साथ जोड़ने की मांग रखी है। साथ ही नगर पालिका के भारी भरकम टैक्स के बारे में भी लोगों को अवगत कराया है। इस मौके पर राहुल कंसल, सुभाष शर्मा, पूर्व सरपंच संजीव अरोड़ा, राम कुमार सैनी, बिंदा जाट, साहिल कंसल, कृष्ण कुमार, मदन आहूजा, बिट्टू मल्होत्रा, रामपाल सैनी, संजय प्रजापत, टीटू सचदेवा, जसबीर सिंह, कश्मीर सिंह और क्रिकेट खिलाड़ी सुनील सैनी सहित अन्य मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को भेजी मांग
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पालिका को भंग करने को लेकर एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान 70 प्रतिशत तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम पत्र भी भेजा गया है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि उनकी मांग पर जल्द ही कार्रवाई होगी और जल्द ही सरकार जनमत संग्रह के आधार पर नगरपालिका को भंग कर पुन: ग्राम पंचायत को बहाल करेगी।