इस्माईलाबाद। राजकीय महाविद्यालय चम्मू कलां में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित करना और उनमें राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता महाविद्यालय के प्राचार्य अजय चौहान रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए आत्मनिर्भरता, अनुशासन और स्वदेशी को अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में डॉ. सविता कुमारी, डॉ. किरण गर्ग और रजत कुमार स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। सभी ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित के संकल्प साथ किया गया।