कुरुक्षेत्र। जिले में डेंगू संदिग्ध तीन साल की बच्ची की मौत के मामले को लेकर विभाग की बैठक शुक्रवार को होगी। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग बच्ची की उपचार रिपोर्ट की जांच करेगा। उस रिपोर्ट के मंथन के बाद बच्ची की मौत के कारण स्पष्ट होंगे।
उधर, अब तक विभाग डेंगू संदिग्ध 3,684 और चिकनगुनिया संदिग्ध 22 लोगों के सैंपल की जांच कर चुका है। इसमें डेंगू के 282 और चिकनगुनिया के तीन लोग पॉजिटिव पाए गए थे। इसके अलावा इस साल में तीन साल की बच्ची समेत डेंगू संदिग्ध छह लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि अभी भी विभाग संदिग्ध मरीज सामने आने पर उनका रक्त सैंपल लेकर जांच कर रहा है। वहीं, जिला मलेरिया एवं सर्वेक्षण अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि अब तक चिकनगुनिया के तीन तो डेंगू के 281 मरीज रिकवर हो चुके हैं। फिलहाल डेंगू का केवल एक मरीज सक्रिय हैं। बच्ची की मौत के मामले को लेकर बैठक 20 दिसंबर को होगी, जिसमें पीजीआई चंडीगढ़ की उपचार रिपोर्ट पर मंथन करके फैसला लिया जाएगा।