एसआरएस लोटस प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। प्रोजेक्ट के प्लॉट होल्डरों ने मुख्यमंत्री से मिलकर बिल्डर की कारगुजारियों का मामला उनके सामने रखा था।
प्लॉट होल्डरों का आरोप है कि नगर के सेक्टर 9 में रिहायशी कॉलोनी विकसित कर रहे एसआरएस-लोटस प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों ने उनके साथ धांधली की है।
उन्होंने आज तक प्लॉट धारकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया। पूरी जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा ने एसोसिएशन की पदाधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को सीएम के चंडीगढ़ हाउस में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य वित्त आयोग के सदस्य सुभाष सुधा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बिल्डर की ओर से की जा रही धांधलियों तथा समस्याओं की शिकायत की थी।
हुडा ने एसोसिएशन को आश्वस्त किया कि वह विभाग के अधिकारियों को भी समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश जारी करेंगे।
विदित रहे कि बीते कई माह से एसोसिएशन के सदस्य अपने हकों की लड़ाई के लिए बिल्डर के खिलाफ आवाज बुलंद किए हैं। इस संबंध में नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के महानिदेशक को भी बिल्डर के खिलाफ विस्तृत शिकायत की थी।
एसोसिएशन की शिकायत पर महानिदेशक ने जिला योजनकार अधिकारी को इसकी समुचित जांच कर 15 दिनों में रिर्पोट प्रस्तुत करने के आदेश जारी किए थे।
एसोसिएशन की शिकायत है कि बिल्डर आधे-अधूरे विकास कार्य कर प्लॉट धारकों को पोजेशन लेने के लिए बाध्य कर रहा है।
इसके अलावा बिल्डर मनमाना रवैया अपनाकर प्लॉट धारको को मेनटेनेंस एग्रीमेंट करने तथा विभिन्न मद्दों में राशि की मांग कर रहा है।
जो अन्यायपूर्ण है। सीएम से मुलाकात करने वालों में एसोसिएशन के प्रधान मित्रसेन गुप्ता, विकास गर्ग, अजय गोयल, विनोद सिंगला, सुभाष अमीन, पवन, जसबीर, अमन सिंगला, राकेश, विवेक, अभिषेक तथा जयप्रकाश शामिल थे।