शाहाबाद। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 360 वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को आठवीं प्रभातफेरी निकाली गई, जोकि गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार से आरंभ होकर माजरी मोहल्ला में कालड़ा निवास पर पहुंची। यहां परिवार सहित मोहल्ला संगत ने बोले सो निहाल, सत श्री अकाल... के जयघोष लगाकर प्रभातफेरी का भव्य स्वागत किया।
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार के हजूरी रागी जत्था पवनदीप सिंह, श्री गुरु नानक दरबार के शब्दी जत्थे और स्त्री सत्संग सभा के जत्थे ने शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया। प्रभातफेरी में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सुखचैन सिंह ने संगत को चमकौर की गड़ी में गुरु गोबिंद सिंह जी के मुख से निकले शब्द सवा लाख से एक लड़ाऊं, चिड़ियन ते मैं बाज तुड़ाऊं, तबै गुरु गोबिंद सिंह नाम कहाऊं के इतिहास से अवगत करवाया।
हेड ग्रंथि भाई सुबेग सिंह ने संगत को गुरु इतिहास के साथ जोड़ा और समाप्ति पर सरबत के भले हेतु श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के चरणों में अरदास की। प्रभातफेरियां के इंचार्ज नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मंगलवार की प्रभातफेरी का आयोजन सुखविंदर सिंह के परिवार की ओर से गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार में ही किया जाएगा।
समापन पर गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों ने आयोजक परिवार के मुखिया अरविंदर सिंह कालड़ा को गुरबाणी गुटका साहिब देकर सम्मानित किया। अधिवक्ता इंदरजीत सिंह कोहली द्वारा बच्चों से इतिहास से जुड़े प्रश्न पूछे गए और सही उतर देने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर कुलवंत सिंह, कश्मीर, भगवंत, बिट्टू, परमजीत आदि मौजूद रहे।