कुरुक्षेत्र। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि प्रदेश में ढांचागत विकास को नई गति देने के लिए पारदर्शिता व जनभागीदारी की दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने म्हारी सड़क मोबाइल एप्लीकेशन लॉन्च की है। इस डिजिटल एप से नागरिक सड़क से संबंधित समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। इस एप के माध्यम से नागरिक सड़कों पर गड्ढे, टूटी सड़क या सड़क पर जलभराव की समस्या की लोकेशन के साथ शिकायत दर्ज कर सकेंगे। संबंधित विभाग को तत्काल सूचना मिलते ही सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इस एप के माध्यम से शिकायत की टाइम बाउंड मॉनिटरिंग होगी।
उन्होंने कहा कि नागरिक फोटो के साथ सड़क संबंधित शिकायतें इस एप पर अपलोड कर सकते हैं। इस डिजिटल सिस्टम में जेई से लेकर विभागाध्यक्ष तक सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की गई है। शिकायत प्राप्त होने के बाद निर्धारित समय में संबंधित अधिकारी सड़क सुधार कार्य पूरा करने के बाद की फोटो भी एप पर अपलोड करेंगे और शिकायतकर्ता को सूचित किया जाएगा। इस पहल से न केवल सड़कें बेहतर होंगी बल्कि जनता और प्रशासन के बीच पारदर्शिता और विश्वास भी मजबूत होगा।