कुरुक्षेत्र। जिलाअस्पताल में चिकित्सकों की कार्यशैली के लिए मरीजों की ओर से की गई शिकायत के बाद अब विभाग हरकत में आ गया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के निरीक्षण के दौरान दिए गए आदेश पर चिकित्सक की रिपोर्ट बनाकर सप्ताह में मंत्री को सौंपी जाएगी।
पिछले दिनों स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान एक मरीज ने शिकायत की थी कि अस्पताल के एक चिकित्सक उन्हें बाहर की दवा लिख रहे हैं और निजी लैब से जांच कराने के लिए कह रहे हैं। मरीज की इस शिकायत ने मंत्री को चौंका दिया और उन्होंने तुरंत मौके पर ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह और पीएमओ डॉ. साराह अग्रवाल को जांच रिपोर्ट तैयार कर सप्ताहभर में सौंपने के आदेश दिए। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीएमओ से मांगा गया स्पष्टीकरण : मामले में त्वरित कार्रवाई न होने पर मंत्री ने पीएमओ से स्पष्टीकरण भी मांगा था। इस पर पीएमओ डॉ. साराह अग्रवाल ने बताया कि उक्त मामला पहले भी उनके संज्ञान में आ चुका है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। जल्द ही इसकी रिपोर्ट बनाकर स्वास्थ्य मंत्री को भेजी जाएगी।