कुरुक्षेत्र। बस में तीर्थ भ्रमण करते श्रद्धालु। संवाद
कुरुक्षेत्र। हाल ही में रोडवेज विभाग व केडीबी के सहयोग से चलाई गई 48 कोस बस को आखिरकार पांच दिन बाद दो सवारियां मिली। परिचालक मेवा सिंह ने बताया कि उक्त सवारी पीपली से अपने निजी वाहन पर केडीबी कार्यालय पहुंची थी। इसके बाद यात्रियों को बस में बैठा कुरुक्षेत्र के करीब 10 मंदिरों का भ्रमण कराया गया। बस सुबह साढ़े 10 बजे ब्रह्मसरोवर के तट से अर्जुन चौक, तिरुपति बालाजी मंदिर, गीता ज्ञानम संस्थान, पिपली, नरकातारी, ज्योतिसर, स्थानेश्वर महादेव मंदिर, बिरला मंदिर, पैनोरमा, कृष्ण संग्रहालय से होते हुए साढ़े तीन बजे केडीबी कार्यालय पहुंची।
चालक नरेश स्वामी ने बताया कि सोमवार को बस में यात्रा करने के लिए दो सवारियां पहुंची।जिनका 100 रुपये का टिकट काटा गया। यात्रियों ने बताया कि अमर उजाला न्यूज़ पेपर के माध्यम से उन्हें 48 कोस बस सेवा की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह यात्रा का लाभ लेने पहुंचे। तीन दिन से चालक परिचालक बस को डिपो से लेकर आने के बाद ब्रह्मसरोवर तट पर दो से ढाई बजे तक यात्रियों के इंतजार में खड़ा करके रखते थे, इसके बाद ढाई से तीन बजे यात्री इंतजार बेरंग डिपो लौट जाते थे। गुरुवार को बस सेवा शुरू हुई थी।
किराया निर्धारित होने तक 50 रुपये में होगी यात्रा
यह बस सेवा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुरू की गई है । रोडवेज विभाग ने किराए के निर्धारण को लेकर चंडीगढ़ में परिवहन आयुक्त को पत्र भेजा है, जब तक किराया निर्धारित नहीं होता श्रद्धालुओं से 50 रुपये चार्ज किया जाएगा। श्रद्धालुओं को ब्रह्मसरोवर स्थित केडीबी कार्यालय के सामने से बस लेकर आएगी वहीं पर वापसी में छोड़ेगी।
जल्द होगा कराया निर्धारित -ईश्वर
ट्रैफिक ब्रांच इंचार्ज ईश्वर सिंह ने कहा कि केडीबी कार्यालय की तरफ से रूट चार्ट मिलने के बाद विभाग उच्च अधिकारियों को उक्त रूटों की समय सारिणी व मशीन में किराया निर्धारित करने को लिखा गया है। जल्द ही टिकटिंग मशीन में पंचिंग की सुविधा कर्मचारियों को मिलेगी, इसके बाद किलोमीटर के हिसाब से यात्रियों से किराया वसूला जाएगा।