कुरुक्षेत्र। नए बस अड्डे पर खड़ी इलेक्ट्रिक बस को जांचते विशेषज्ञ। संवाद
- फोटो : File Photo
कुरुक्षेत्र। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और शहर सहित आसपास के यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर कुछ समय पहले मुख्य डिपो में आई इलेक्ट्रिक बसों में सुरक्षा की दृष्टि से मेंटेनेंस का काम शुरू कर दिया गया है। एक-एक कर बसों को जांचने की प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में कंपनी के विशेषज्ञ पिछले तीन-चार दिन से लगे हैं और ऊपरी हिस्से के अलावा निचले हिस्सों से जुड़ी वायरिंग एवं इलेक्ट्रिक प्रणाली को जांचा जा रहा है। बरसाती मौसम का ध्यान रखते हुए बैटरी इत्यादि को भी समय रहते चेक करके सुरक्षा के नजरिए से मजबूती देने में लगे हैं।
हालांकि कुछ घंटों के लिए ई-बसों के पहिए थामे जरूर जाते हैं लेकिन अन्य रोडवेज बसों एवं इलेक्ट्रिक बसों से रोजमर्रा की सेवाएं निरंतर मुहैया कराई जा रही हैं। बस अड्डे पर इस बात को लेकर भी चर्चा बनी हुई कि ई-बसों में खराबी आ गई है लेकिन विशेषज्ञों तथा कंपनी की ओर से अड्डे पर तैनात किए असिस्टेंट निर्मल मलिक ने स्पष्ट किया कि बसों की रैटरो का काम जारी है। इनको मौसम के अनुसार यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए एहतियातन जांचा जा रहा है। बोले कि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए ही यह प्रक्रिया चलाई गई है। महाप्रबंधक समिंदर सिंह ने कहा कि ई-बसों में दिक्कत की कोई जानकारी नहीं है। इतना जरूर है कि कंपनी की तरफ से विशेषज्ञों द्वारा कुछ दिन से सर्विस एवं मेंटेनेंस का काम जारी है। बसों को मौसम के हिसाब से जांचने के लिए कंपनी द्वारा यह प्रक्रिया चलाई गई है।