शाहाबाद। भाजपा सरकार ने हमेशा सिखों के अधिकारों का ध्यान रखा है। इसलिए आगे भी हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जो भी मांग हरियाणा सरकार के समक्ष रखेगी, उस मांग पर मुख्यमंत्री नायब सैनी मोहर लगाएंगे।
यह दावा हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रवक्ता कवलजीत अजराना ने किया। वे वीरवार शाम को ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब बराड़ा रोड पहुंचे। यहां उन्होंने बैठक में एकत्रित संगत को संबोधित किया।
उन्होंने बताया कि अब प्रबंधक कमेटी कौम हित में जो भी जरुरी काम होंगे, वह कार्य सीएम नायब सिंह सैनी से करवाया जाएगा। कमेटी के चुनाव जल्द होंगे, इसलिए उन्हें शाहाबाद के कोई मजबूत चेहरा होना चाहिए जिसे सारी संगत एकमत होकर अपना वोट दे। उन्होंने चुनाव के लिए सिख संगत को अधिक से अधिक वोट बनवाने का भी आह्वान किया। अजराना ने कहा कि भाजपा सरकार ने अब तक सिख कौम के लिए जो कार्य किए हैं, वह आज तक कोई भी सरकार नहीं कर सकी। भाजपा सरकार के शासन में ही दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के साहिबजादों की शहीदों को नमन करते हुए वीर बाल दिवस के रूप में मनाया गया।
इसके साथ ही 314 सिखों के नाम की काली सूची बनाई गई थी, जिसमें से 312 सिखों के नाम सूची में से बाहर कर दिए गए हैं। यही नहीं, गुरु साहिबान के ऐतिहासिक पर्व एवं जन्म दिवस सरकार द्वारा बड़ी ही धूमधाम से मनाए गए। उन्होंने बताया कि पीएम ने श्री करतारपुर साहिब गलियारा को अगले पांच साल के खोल कर रखने का समझौता कर अनमोल तोहफा सिख कौम को दिया है।
बैठक में करतार सिंह दामली, इंदरजीत सिंह सग्गू, जसपाल सिंह मैनेजर, हरचरण सिंह, सुखवंत सिंह बग्गी, मोहन सिंह, हरजीत सिंह राणा, सुरजीत सिंह, सुरिंदर सिंह, जगदेव सिंह गाबा, बलिहार सिंह, हरजिंदर सिंह, दलीप सिंह, रविंदर सिंह, मैनेजर नरिंदर सिंह संधू और हेड ग्रंथी अमरपाल सिंह, दीपक पन्नू, गुरनाम सिंह, हरप्रीत सिंह और जसवंत सिंह ठेकेदार सहित संगत मौजूद रही।