कुरुक्षेत्र। लाडवा। उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र में सातवां फल उत्सव में आम की बेहतरीन वैरायटी देखने को मिलेगी। फल केंद्र में सातवां तीन दिवसीय फल उत्सव चार से छह जुलाई तक आयोजित किया जा रहा है। इस फल उत्सव का शुभारंभ बागवानी विभाग के एचओडी विशेष डाॅ. अर्जुन सिंह सैनी करेंगे और छह जुलाई को कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा समापन समारोह में शिरकत करेंगे।
उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र के उपनिदेशक डाॅ. राकेश कुमार ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी लाडवा के उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र में 4 से 6 जुलाई तक सातवां तीन दिवसीय फल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव की तैयारी की जा रही है और इस फल उत्सव में किसानों को आमंत्रित किया गया है तथा किसानों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों के लिए आम की 200 से अधिक किस्मों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, किसान उपभोक्ता सम्मेलन, वैज्ञानिक किसान संवाद, फलों के उत्पादों का प्रदर्शन, नर्सरी प्रबंधन एवं ग्राफ्टिंग तकनीक व प्रतिदिन लकी ड्रॉ कूपन निकाले जाएंगे। फल उत्सव में स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए भी विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें रंगोली, फैंसी ड्रेस, सांस्कृतिक नृत्य, आम खाने, प्रश्नोत्तरी, कॉलेज एवं विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए ऑन द स्पॉट फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इस फल उत्सव में प्रतिदिन सभी प्रतियोगिता व लकी ड्रॉ के विजेताओं को मौके पर प्रमाणपत्र एवं उचित इनाम दिया जाएगा।