सनौली। अनाज मंडी बापौली में बुधवार को धान की सरकारी एजेंसी हैफेड ने धान की खरीद नहीं की। मंडी में एक हजार क्विंटल धान की आवक आई है। हैफेड के मैनेजर प्रवीन कुमार ने धान में नमी बताई और किसानों को मंडी में धान को फैलाकर सुखाने की सलाह दी है।
किसान नरेश, महीपाल, बलवान, सुखबीर, राज सिंह, रोहतास व मामन ने बताया कि तीन दिनों से धान बेचने के लिए मंडी में आए है। सरकारी खरीद एजेंसी ने धान में नमी बता कर खरीद नहीं की है। जिस कारण मंडी में ही रहकर धान को फैलाकर सूखा रहे हैं। मंडी में किसानों को कोई मुलभूत सुविधाएं नहीं दी जा रही है। मार्केट कमेटी सचिव सविता का कहना है कि धान में नमी पाई जा रही है और सफाई की कमी सामने आ रही है। नमी वाली धान को सूखने के बाद ही खरीदा जाएगा।