संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। .....उस घर में भूत का साया है। आत्मा आती है, कई बार उसने मुझे भी मारने का प्रयास किया है। मैंने कुछ थोड़ी किया है, वो सब तो आत्मा ने ही किया। मुझे भी छत से नीचे फेंक दिया था। अब मुझे व किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता है। यह सब बातें पिहोवा रोड पर राज पैलेस के पास एक मकान में अपने पति राजेश की हत्या की आरोपी बिमला अस्पताल में उपचार के दौरान बड़बड़ा रही है। यह सब बातें अब अस्पताल की नर्सों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
एक अस्पताल कर्मी ने बताया कि वह अब बातचीत कर रही है, लेकिन कुछ खा नहीं रही है। सोमवार को उसने अस्पताल में उसकी सुरक्षा में लगाई गई महिला पुलिसकर्मी से कई बार पीने का पानी मांगा। उन्होंने बताया कि महिला कई बार अपने आप यह भी बड़बड़ा रही थी कि मेरे में पहले भी कई बार आत्मा का साया आता था। वह देर-सबेर अपने आप उतर जाता था। मैं अब उस घर में वापस नहीं जाऊंगी वरना वो मुझे भी मार देगी।
अस्पताल कर्मियों के बीच रही चर्चा के अनुसार, अस्पताल में भर्ती होने के बाद से होश में आने पर बिमला ने अपने पति की मौत पर एक बार भी आंसू नहीं बहाए हैं। उसके व्यवहार से ऐसा भी नहीं लगता कि उसे अपने पति की हत्या करने का कोई अफसोस है। नर्स जब उससे उसकी तबीयत या घटना का कारण पूछती हैं, तो वह अपनी भाषा में जवाब देती है और कुछ समय बाद टूटी-फूटी हिंदी में बात करती है। कई बार वह यह भी कहती है कि वह बातचीत नहीं कर सकती।
थाना केयूके प्रभारी सुरेंद्र सिद्धू ने बताया कि मंगलवार को चिकित्सक से महिला के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के बाद उसके बयान दर्ज करने का प्रयास किया जाएगा। स्वस्थ पाए जाने पर उसे गिरफ्तार भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हत्या का कारण अभी भी स्पष्ट नहीं है। आसपास के लोगों के बयानों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने अंधविश्वास के कारण अपने पति की हत्या की हो।
पति मारपीट करता था इसलिए आत्मा ने मारा
नर्सों के बीच चल रही चर्चा के अनुसार, बिमला कई बार यह भी कह रही है कि उसे नहीं पता कि उसका पति मर चुका है। वह यह भी कहती है कि उसे उसने ही मारा है। उसके अनुसार उस समय भी उसका कोई नहीं था और आज भी कोई नहीं है। कई बार वह बड़बड़ाते हुए कहती है कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता था इसलिए आत्मा ने उसे मार दिया।
-
हालत स्थिर, एमआरआई रिपोर्ट का इंतजार
उसका उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. गुंजन उपाध्याय ने बताया कि महिला की हालत अब पहले से बेहतर है। शुरुआत में उसकी स्पाइन में कुछ टूट-फूट होने का अंदेशा था। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खा-पी सकती है। सोते समय इधर-उधर हो सकती है। सोमवार को उसकी एमआरआई करवाई गई थी, जिसकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई थी। उन्होंने बताया कि महिला को पूरी तरह ठीक होने में अभी कुछ और समय लगेगा, लेकिन फिलहाल वह बातचीत करने की स्थिति में है।
जांच जारी, बयान के बाद ही सामने आएगा हत्या का कारण : डीएसपी
डीएसपी मुख्यालय गुरविंदर ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आरोपी के स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है। पुलिस ने मौके से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। हत्या के पीछे का वास्तविक कारण आरोपी के बयान दर्ज होने के बाद ही सामने आ सकेगा।