कुरुक्षेत्र। अभियान के अंतर्गत जिला पुलिस ने नशीला पदार्थ रखने के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30.20 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद की। पुलिस ने आरोपी रवि कुमार, निवासी सरस्वती कॉलोनी, कुरुक्षेत्र को काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 24 दिसंबर 2025 को टीम एनएच-44 पर पीपली पुल के पास मौजूद थी। इस दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि रवि कुमार हेरोइन बेचने का काम करता है और वह कार में हेरोइन लेकर कुरुक्षेत्र से बाबैन की ओर बेचने के लिए जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चिड़ियाघर पीपली के पास निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची। मौके पर राजपत्रित अधिकारी को बुलाया गया और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कार सवार युवक को काबू किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 30.20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थाना सदर थानेसर में आरोपी के खिलाफ नशीला पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उप निरीक्षक शरणजीत सिंह ने विधिवत गिरफ्तार कर लिया।