कुरुक्षेत्र। सांसद खेल महोत्सव के दूसरे चरण के अंतर्गत आयोजित विधानसभा स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में बुधवार को कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, बॉक्सिंग और वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबले संपन्न हुए। इनमें खिलाड़ियों ने दमखम, कौशल और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान रस्साकशी प्रतियोगिता में थानेसर की टीम विजेता और बीड़ कालवा की टीम उपविजेता रही।
विभिन्न खेलों में प्रतिभागी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। समापन पर अलग-अलग स्थलों पर आयोजित खेलों के विजेताओं को अतिथियों की ओर से सम्मानित किया गया। रस्साकशी प्रतियोगिता में महिला वर्ग का फाइनल कोच टीम थानेसर की टीम ने अपने नाम किया जबकि बीड़ कालवा की टीम उपविजेता रही। पुरुष वर्ग में पाड़लू टीम विजेता बनी और पिहोवा टीम दूसरे स्थान पर रही। विजेताओं को सम्मानित करते हुए इंद्री के विधायक एवं हरियाणा सरकार के चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने कहा कि खेल जहां युवाओं में ऊर्जा भरते हैं, वहीं स्वस्थ समाज की नींव भी तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिंदल की ओर से खेलों को बढ़ावा देने का यह प्रयास क्षेत्र में नए खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कुरुक्षेत्र विवि में आयोजित वॉलीबाॅल प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के फाइनल गांव अमीन की टीम ने अपने नाम किया और साई कुरुक्षेत्र की टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग में गांव अमीन ए की टीम विजेता बनी और गांव अमीन बी की टीम दूसरे स्थान पर रही। विजेताओं को पुरस्कार देते हुए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट डॉक्टर वीरेंद्र पाल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल के प्रति अनुशासन, लगन और टीम स्पिरिट को मजबूत करते हैं और उन्हें बड़े मंचों पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी महिला खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 45-48 किलोग्राम में अंशुल, 48-51 में ध्रुविका, 51-54 में महक, 54-57 में नीतिका, 57-60 में परी, 60-65 में जिया, 65-70 में पायल, 70-75 में वंशिका, 75-80 में संयोगिता और 80 प्लस किलोग्राम में अनुष्का विजेता रहीं। इन वर्गों में क्रमशः नैंसी, प्रियंका, स्नेहा, मन्नत, समीक्षा, माफी, खुशी, हेमा, मुस्कान और पलक द्वितीय स्थान पर रहीं।
कबड्डी में महिला वर्ग में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खैरी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीड़ कालवा की टीम द्वितीय रही। पुरुष वर्ग में मिर्जापुर की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए पहला स्थान हासिल किया और रामगढ़ रोड की टीम दूसरे स्थान पर रही। खो-खो में भी उत्साहपूर्ण मुकाबले देखने को मिले, जहां महिला वर्ग में द्रोणाचार्य स्टेडियम कुरुक्षेत्र की टीम विजेता बनी, ग्राम पंचायत संधौली दूसरे स्थान पर रही। पुरुष वर्ग में ग्राम पंचायत देवीदासपुरा की टीम प्रथम रही और संधौली की टीम उपविजेता रही।
विजेताओं को पुरस्कार देने के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष तेजेंद्र सिंह गोल्डी ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने में सांसद खेल महोत्सव की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और इससे प्रदेश में खेल संस्कृति और मजबूत होगी। वहीं कुश्ती स्पर्धाओं में महिला वर्ग में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। 55 किलोग्राम में सोनिया, 57 में मुस्कान, 59 में गगन जोत कौर, 62 में सेजल गिल, 65 में कोमल, 68 में आयुषी, 72 में वैष्णवी, 76 में रीटा, 50 में हरजीत और 53 किलोग्राम में शीतल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इन सभी वर्गों में द्वितीय स्थान पर क्रमशः दीपिका, तमन्ना, अर्पिता, शबनम, मनजोत कौर, योगिता, स्नेहा, हरमीत कौर, एकता और हिमानी रहीं। पुरुष कुश्ती वर्ग के 61 किलोग्राम में सागर, 65 में उदय, 70 में मनवीर गिल, 74 में खुशप्रीत, 86 में राहुल, 79 में अमित छाबड़ा, 92 में कपिल देव, 97 में गौरव, 125 में अंकुश और 57 किलोग्राम में लोकेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कुरुक्षेत्र। विजेताओं को प्रोत्साहित करते आयोजक। स्वयं