कुरुक्षेत्र/पिहोवा। जिला पुलिस की ओर से नशा मुक्त कुरुक्षेत्र अभियान के तहत क्रिकेट और खो-खो मैच कराया गया। क्रिकेट मैच गुमथला गढू पुलिस चौकी और थाना गांव के बीच खेला गया। गांव की टीम ने 40 रनों से इस मैच को जीत लिया। इसके अलावा झांसा में बच्चों के बीच खो-खो का मैच हुआ। दरअसल, जिला पुलिस युवाओं को नशे से बचाने के लिए विभिन्न तरह के खेलों का आयोजन करा रही है। इसी के तहत थाना गांव में गुमथला गढू चौकी पुलिस टीम और गांव के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। गांव की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 145 रन बनाए। दूसरी पारी में खेलते हुए पुलिस की टीम केवल 105 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। थाना गांव की टीम ने 40 रनों से मैच में जीत हासिल की। चौकी प्रभारी राज कुमार ने गांव की टीम को जीत पर शुभकामनाएं दीं साथ ही खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने के लिए शपथ दिलाई। उधर थाना झांसा प्रभारी गुलाब सिंह ने बताया कि डेरा रायवाला में बच्चों की ए और बी दो टीमें बनाकर खो-खो मैच का मैच कराया गया। इस मैच को ए टीम ने 8-6 के अंतर से जीत लिया। विजेता टीम को उनकी ओर से रिफ्रेशमेंट दी गई। उनका मकसद युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करना है।