कुरुक्षेत्र। थानेसर तहसील में किए जा रहे रजिस्ट्री व अन्य कार्य। संवाद
कुरुक्षेत्र। तहसीलदारों की हड़ताल खत्म होने के बाद बुधवार को तहसीलों में व्यवस्था पटरी पर आई। पहले ही दिन 122 रजिस्ट्री हुई। रजिस्ट्री व अन्य कार्यों के लिए तहसीलों में लोगों की दिनभर भीड़ जुटी रही। सबसे ज्यादा 81 रजिस्ट्री थानेसर तहसील में हुई और 30 पिहोवा में, नौ लाडवा में और दो रजिस्ट्री शाहाबाद में हुईं।
कुछ पटवारियों पर सरकार की ओर से की गई कार्रवाई के विरोध और अपनी अन्य मांगाें के लिए 30 जनवरी को पटवारी हड़ताल पर उतर आए थे। करीब एक सप्ताह तक हड़ताल पर रहे और सरकार ने मांगें मानीं तो वे काम पर लौटे। उसी दिन तहसीलदार भी अपनी मांगों के लिए हड़ताल पर चले गए थे। मंगलवार तक पूरी तरह से तहसीलों में कामकाज ठप रहा और लोग रजिस्ट्री करवाने से लेकर फर्द, इंतकाल, जमाबंदी व विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्रों को बनवाने के लिए भटकते रहे। मंगलवार देर शाम तक सरकार के साथ तहसीलदारों की कुछ सहमति बनी तो बुधवार सुबह तहसीलदार काम पर लौटे। इसके बाद तहसीलों में कामकाज शुरू हो पाया। दिनभर गहमागहमी बनी रही और काउंटरों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही।