कुरुक्षेत्र। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ और अतिथि अध्यापक संघ ने 29 नवंबर को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के संयुक्त घेराव का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। सरकार ने दोनों संगठनों को मांगों पर बातचीत के लिए बुलाया है। एक दिसंबर को सिविल सचिवालय चंडीगढ़ में प्रधान सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग हरियाणा के साथ बैठक होगी।
विज्ञापन
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान वीरेंद्र सिंह और अतिथि अध्यापक संघ के महासचिव भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बैठक में शिक्षकों की लंबित मांगों पर चर्चा होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर ठोस समाधान नहीं हुआ तो उसी दिन आगामी आंदोलन की घोषणा की जाएगी। उन्होंने टीईटी की अनिवार्यता का स्थायी समाधान, अतिथि अध्यापकों को नियमित करने, पुरानी पेंशन बहाली, खाली पदों पर भर्ती, पदोन्नति सूची जारी करने और तबादला नीति में सुधार की मांग उठाई। इसके अलावा गैर शैक्षणिक कार्यों पर रोक और मिड डे मील का बजट जारी करने की मांग भी शामिल है। शिक्षक 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कर्मचारी रैली में भी भाग लेंगे।