कुरुक्षेत्र। जिले में 1477 शिक्षक बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस प्रशिक्षण में पहली से तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों को हिंदी पढ़ने, समझने, लिखने और गणित में संख्यात्मक ज्ञान सिखाने के नए तरीके बताए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य बच्चों को केवल पाठ याद कराने के बजाय गतिविधियों के माध्यम से विषयों को समझाना है।
प्रशिक्षण शिविर लाडवा, बाबैन, थानेसर, शाहाबाद और पिहोवा में अक्तूबर से शुरू हुए हैं। जिला एफएलएन अधिकारी महाबीर अत्रेय ने बताया कि यह प्रशिक्षण निपुण भारत मिशन और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है। शिक्षकों को एनसीईआरटी किट और गतिविधि आधारित शिक्षण सामग्री के उपयोग की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण का एक दिन बालवाटिका के 482 विद्यार्थियों को पढ़ाने के तरीकों पर केंद्रित रहता है। शिक्षक प्रतिदिन की सीख को रिफ्लेक्शन डायरी में दर्ज करते हैं।