कुरुक्षेत्र। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ की महत्वपूर्ण बैठक 9 मई को जाट धर्मशाला में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय प्रधान बसवराज गुरिकर करेंगे।
राज्य प्रवक्ता सूबे सिंह सुजान ने बताया कि बैठक में विभिन्न राज्यों से पहुंचे शिक्षक प्रतिनिधि शिक्षा और अध्यापक हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। विशेष रूप से लंबित टीईटी मामलों, पुरानी पेंशन बहाली, पदोन्नति, समान कार्य के लिए समान वेतन, अध्यापकों पर बढ़ते गैर-शैक्षणिक कार्यों के बोझ, एकल अध्यापक विद्यालयों की समस्याओं, रिक्त पदों को भरने, स्थानांतरण नीति और सेवा सुरक्षा जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी मंथन किया जाएगा। साथ ही संगठन की वर्तमान कार्यप्रणाली, भविष्य की रणनीति और देशभर के प्राथमिक शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त आंदोलन और कानूनी कार्रवाई की रूपरेखा भी तय की जाएगी।
बैठक में विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि भाग लेंगे और अध्यापक हितों की आवाज को मजबूती देने के लिए सामूहिक निर्णय लिए जाएंगे।
कार्यक्रम के आयोजन में विनोद ठाकरान कार्यकारी महासचिव अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ दिल्ली, तरुण सुहाग, राज्य प्रधान राजेश शर्मा, राज्य महासचिव एवं सुनील यादव राज्य कोषाध्यक्ष, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।