संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। चंडीगढ़ में सरकार के साथ अतिथि अध्यापकों के प्रतिनिधिमंडल की बातचीत बेनतीजा रहने के बाद राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ ने आंदोलन तेज करने का एलान किया है। संघ की ओर से 14 और 15 नवंबर को कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही प्रदेशभर में नकारात्मक स्पीकिंग ऑर्डर की प्रतियां जलाकर विरोध जताया जाएगा।
सोमवार को लघु सचिवालय में मेवा सिंह पिलानिया की अध्यक्षता में संघ का धरना 134वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान भिवानी जिले के अतिथि अध्यापकों ने 24 घंटे के लिए धरने की जिम्मेदारी संभाली।
चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर के साथ करीब आधे घंटे चली बैठक में अतिथि अध्यापकों ने वर्ष 2014 की तीन साल वाली नियमितीकरण नीति और अदालत के आदेशों के अनुसार सेवाएं नियमित करने की मांग रखी।
गेस्ट टीचर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के मीडिया प्रवक्ता अजय लोहान के अनुसार, खुल्लर ने बताया कि सरकार नियमितीकरण से इनकार करने वाला स्पीकिंग ऑर्डर जारी कर चुकी है और अब इसे वापस नहीं लिया जाएगा। उन्होंने सरकार की ओर से अन्य संभावित सहयोग की बात कही, लेकिन नियमितीकरण के मुद्दे पर कोई सहमति नहीं बन सकी।
अध्यापक नेताओं ने कहा कि संघ 23 जून से अदालतों के आदेशों के अनुसार तीन साल की नीति के तहत नियमित करने की मांग को लेकर धरना दे रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले में दोबारा विचार कर अतिथि अध्यापकों को नियमित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी अतिथि अध्यापक नियमित नहीं हो जाते, तब तक धरना जारी रहेगा। आगामी प्रदर्शन के माध्यम से सरकार तक अपनी मांग पहुंचाई जाएगी।