कुरुक्षेत्र। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सभी एमटीपी (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेगनेंसी) और अल्ट्रासाउंड केंद्रों की गहन जांच सुनिश्चित करें। इतना ही नहीं स्वास्थ्य प्राधिकरण के मानदंडों का उल्लंघन करने वाले ऐसे किसी भी केंद्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त नेहा सिंह ने ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई डॉक्टर इन केंद्रों पर गड़बड़ी में संलिप्त पाया जाता है, तो स्वास्थ्य विभाग उनके मेडिकल पंजीकरण को तत्काल रद्द करने के लिए हरियाणा मेडिकल काउंसिल को सूचित करे। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों, विशेष रूप से लिंग निर्धारण और लिंग आधारित भेदभाव में शामिल लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हरियाणा में संतुलित लिंगानुपात सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है और हम बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम की सफलता की राह पर निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य प्राधिकरण के मानदंडों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को, विशेष रूप से लिंग निर्धारण जैसे कुकृत्यों में, बख्शा नहीं जाएगा। उपायुक्त ने जिला सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग सभी गर्भपात मामलों पर नजर रखने और उनका विश्लेषण करने तथा किसी भी अनैतिक व्यवहार को रोकने के लिए एमटीपी केंद्रों पर कड़ी नजर रखेंगे।