कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में संस्थान नवाचार परिषद (आईआईसी) ने टेक्नोबाइट के सहयोग से 28 और 29 नवंबर को दो दिवसीय सिनैप्स-26 हैकाथॉन का आयोजन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तकनीकी कौशल, नवाचार और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न समस्याओं के तकनीकी समाधान तैयार करने पर काम किया। प्रतियोगिता में 7 हजार रुपये का नकद पुरस्कार रखा गया।
हैकाथॉन में विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), कंप्यूटर विजन, सॉफ्टवेयर विकास, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) और मैकेनिकल सिस्टम्स में मशीन लर्निंग के उपयोग जैसे पांच तकनीकी विषयों पर अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रत्येक टीम में चार सदस्य शामिल किए गए और टीम में कम से कम एक छात्रा का होना अनिवार्य रखा गया। दो दिवसीय आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी समस्याओं पर व्यावहारिक रूप से काम करने और नए समाधान विकसित करने का अवसर देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आईसीपीसी विश्व फाइनलिस्ट-2023 जसकरण सिंह ने विशेष सत्र में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने प्रतिस्पर्धी प्रोग्रामिंग और समस्याओं के समाधान से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ. ब्रह्मजीत सिंह के संरक्षण और अधिष्ठाता (अनुसंधान एवं परामर्श) एवं आईआईसी अध्यक्ष डॉ. महेश पाल के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ की संकाय प्रभारी डॉ. नियति बालियान और इलेक्ट्रॉनिकी एवं संचार विभाग के सहायक आचार्य डॉ. करमदीप सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. राजीव राठी और डॉ. सुशील कुमार ने किया।