कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-एक की टीम ने ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत रंगदारी मामले में जिला कैथल के भागल गांव के रहने वाले आरोपी श्याम लाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी सौढ़ी गैंग का बदमाश बताया जा रहा है, जिसकी पुष्टि सीआइए प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 24 सितंबर को इंद्रा कॉलोनी निवासी एक नारियल पानी विक्रेता ने शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि जुलाई में साजन नामक व्यक्ति ने दुकान चलाने के बदले 10 हजार रुपये मासिक मांगे। मना करने पर धमकी दी गई। डर वंश उसने 10 हजार रुपये दिए। बाद में फोन पर रोज पांच हजार, फिर पांच लाख रुपये की मांग की गई और जान से मारने की धमकी दी। 21 सितंबर को सात से आठ युवक कार व मोटरसाइकिलों से आए और धमकाने लगे, जिस पर पीड़ित भाग निकला।
मामला दर्ज कर जांच शाखा-एक को सौंपी गई। 25 सितंबर को टीम ने शरीफगढ़ निवासी सविंद्र उर्फ साजन व गांधीनगर के अनमोल को गिरफ्तार करके अदालत से दो दिन रिमांड लिया गया। 13 अक्टूबर को मुख्य आरोपी विशाल उर्फ विक्की सोढ़ी को भी पुलिस ने काबू कर लिया था। नवंबर में जांच को आगे बढ़ाते हुए टीम ने श्याम लाल को कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस इस आरोपी की और भी अपराधिक कुंडली खंगाल रही है।