दो माह से वेतन न मिलने से नाराज लाडवा नगरपालिका के सफाई कर्मियों ने बुधवार को सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कस्बे के बाजारों में रोष मार्च निकाल कर प्रदर्शन किया। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले सफाई कर्मियों ने सुबह नपा परिसर में इकट्ठे होकर दो माह से रुके हुए वेतन तथा वेतन में से काटे गए पीएफ के भुगतान को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और वहां से जुलूस की शक्ल में नारे लगाते हुए मुख्य बाजारों में झाडू उलटे कर प्रदर्शन किया। सफाई कर्मियों का रोष मार्च इंद्री रोड, अंबेडकर चौंक, कुरुक्षेत्र रोड, महाराजा अग्रसेन चौंक, मेन बाजार, बाजार चौंक, सर्राफा बाजार होते हुए वापिस नपा कार्यालय में जाकर समाप्त हुआ। नपा कर्मचारी संघ लाडवा के प्रधान जगदीश चंद ने कहा कि लाडवा नपा ने पिछले 2 महीने से किसी भी सफाई कर्मचारी को वेतन नहीं दिया है।
वेतन न मिलने से कर्मी को अपना घर खर्च चलाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं, कर्मी भूखे पेट ड्यूटी करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले 4 वर्षों से उनके वेतन में से पीएफ काट रही है, लेकिन कर्मियों को उसका भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सरकार एवं प्रशासन ने शीघ्र ध्यान नहीं दिया तो शहर में सफाई व्यवस्था ठप होगी। इस अवसर पर धर्मपाल, महिंद्र पाल, सोमचंद, विजय कुमार, तिलक राज, महेंद्र कुमार, पाला राम, शीला देवी, लीलावती, उमा देवी, प्रकाशो देवी, सीमा देवी, सुनिता देवी तथा बबली सहित अन्य सफाई कर्मी धरना प्रदर्शन में शामिल रहे।
शीघ्र किया जाएगा वेतन भुगतान : सेनेटरी इंस्पेक्टर
सफाई कर्मियों के रुके हुए वेतन के बारे में पूछे जाने पर लाडवा नगरपालिका की सेनेटरी इंस्पेक्टर मीनाक्षी ने माना कि लाडवा में नियुक्त 42 सफाई कर्मियों का दो माह का वेतन रुका पड़ा है। कर्मियों के वेतन के चेक बन गए हैं, लेकिन लाडवा नपा के प्रशासक व थानेसर के एसडीएम का तबादला होने से चेक पर हस्ताक्षर नहीं हो पाए हैं। शीघ्र ही नए एसडीएम के हस्ताक्षर कराकर कर्मियों को वेतन का भुगतान किया जाएगा।