संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए धर्मनगरी पूरी तरह से तैयार है। ब्रह्मसरोवर व मेला ग्राउंड रेड व ग्रीन कारपेट से सज चुके हैं, जहां एक लाख से ज्यादा लोग एक साथ योग कर विश्व रिकाॅर्ड बनाएंगे। ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में मुख्य मंच सजाया गया है, जहां स्वामी रामदेव व मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ-साथ राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय योग करेंगे।
पिछले एक सप्ताह से की गई तैयारी शुक्रवार देर शाम तक पूरी हो सकी, जिनका स्वामी रामदेव व मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूर्व संध्या पर पहुंचकर जायजा भी लिया। वहीं जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ एसीएस सुधीर राजपाल, आयुष विभाग के महानिदेशक संजीव वर्मा भी दिनभर तैयारियों का जायजा लेते रहे तो वहीं बैठक कर समीक्षा करने का दौर भी चलता रहा। बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया।