पिहोवा। अंबाला-पिहोवा मार्ग पर जुरासी गांव के कट के निकट सोमवार को तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से साइकिल सवार दूध विक्रेता की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक घायल को अस्पताल तो लेकर पहुंचा, लेकिन मौका मिलते ही वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। युवक की पहचान हरिगढ़-भौरख निवासी 42 वर्षीय सुरेश कुमार के रूप में हुई है। सुरेश कुमार गांव में डेयरी और किराना दुकान चलाते थे। सोमवार सुबह वह पिहोवा में दूध की आपूर्ति करने के बाद साइकिल से घर लौट रहे थे। इस दौरान उनके पास पिहोवा से खरीदा किराना का सामान भी था।
परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुरेश किसी काम से जा रहे थे। इस दौरान जुरासी कट के पास गलत दिशा में आ रही महिंद्रा एक्सयूवी अचानक सामने आ गई और उनकी साइकिल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह उछलकर वाहन के अगले शीशे से जा टकराए। हादसे में उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई, जबकि साइकिल सड़क किनारे खेत में जा गिरी।
राहगीरों की मदद से घायल को पिहोवा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से पीजीआई ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हालत बिगड़ने पर वापस एलएनजेपी जिला नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।