कुरुक्षेत्र। जिले में बुधवार को सुपर-100 परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें 3298 में से 2551 विद्यार्थियों ने उपस्थिति दर्ज की। छह केंद्रों पर परीक्षा सफलता पूर्वक संपन्न हुई, जहां सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिला शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहाबाद मारकंडा परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और विद्यालय प्राचार्य व केंद्र अधीक्षक को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
परीक्षा सुबह साढ़े 11 बजे से डेढ़ बजे के बीच में संपन्न हुई। 10 बजे तक विद्यार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। जिला शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा ने कहा कि सुपर-100 कार्यक्रम प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य राज्य के मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्रदान करना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित मेधावी विद्यार्थियों को नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) और ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) जैसी प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग प्रदान की जाती है।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. तरसेम कौशिक तथा संजय कौशिक ने बताया कि सुपर 100 स्तर-एक की परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को बारना स्थित सुपर-100 केंद्र में तीन दिवसीय प्रशिक्षण के लिए रहना होगा। इसके बाद स्तर-दो की परीक्षा होगी, जिसमें चयनित विद्यार्थियों का दाखिला सुपर-100 केंद्र बारना कैंपस में किया जाएगा। जहां विद्यार्थियों को दो वर्ष के लिए रहना होगा तथा विद्यार्थियों के रहन-सहन तथा भोजन की व्यवस्था तथा अन्य सुविधाएं विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी।
इन छह केंद्रों पर हुई परीक्षा
जिले में छह केंद्रों पर परीक्षा सफलता पूर्वक संपन्न हुई, जिसमें राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुरुक्षेत्र, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाबैन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाडवा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहाबाद, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिपली तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिहोवा शामिल हैं।