कुरुक्षेत्र। मौसम में बदलाव के चलते मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप खिली उठी, जिससे तापमान बढ़ने लगा और उमस भरी गर्मी का असर भी बढ़ने लगा। हालांकि दिन भर 21 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा भी चलती रही। दोपहर को तेज धूप से राहत पाने के लिए लोगों ने पेड़ों की छाया का सहारा लिया।
दोपहर बाद मौसम में फिर बदलाव नजर आया। बादल छा गए और बारिश होने की बाट जोह रहे किसानों के चेहरे खिल उठे, लेकिन हल्की बूंदाबांदी होने से किसानों के चेहरों पर मायूसी छा गई। वहीं बाजार में लोग छतरी का सहारा लेकर बूंदाबांदी से राहत पाने का प्रयास करते नजर आए। बूंदाबांदी होने के बाद मौसम ने फिर करवट ली और तेज धूप खिल उठी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.1 व न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में हल्की बारिश व 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के संभावना बनी हुई है, जबकि अगले कुछ दिनों तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। कृषि वैज्ञानिक डॉ. सीबी सिंह के मुताबिक पिछले साल के मुकाबले इस साल बारिश 50 फीसदी से भी कम हुई है, जिससे धान की फसल पर असर पड़ने की संभावना रहेगी। अगले दो दिनों में जिले में हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। हालांकि इस दौरान मौसम में परिवर्तन भी देखने को मिलेगा। कभी धूप तो कभी आसमान में बादल छाएंगे।