लाडवा। चंडीगढ़ में आयोजित पांचवीं इंडो-नेपाल इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में लाडवा के सुगनी देवी आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा सुनैना ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में करीब दो हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया। बुधवार को विद्यालय पहुंचने पर सुनैना और उनके कोच करणजीत का स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान अनिल गोयल, उपप्रधान रंजना गोयल, सुशील गुप्ता और प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा ने फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया।
विद्यालय प्रबंधन ने छात्रा को उसकी उपलब्धि पर बधाई दी, साथ ही विद्यालय की ओर से सुनैना को उपहार और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य पूजा छाबड़ा ने कहा कि सुनैना की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
निरंतर अभ्यास, मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।