संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। ग्राम पंचायत बुहावा में शामलात भूमि पर खड़ी गन्ने की फसल को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा आग लगाकर नष्ट किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत ने इस घटना के खिलाफ अज्ञात व्यक्तियों पर पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। यह भूमि पहले किसी अन्य व्यक्ति के कब्जे में थी, जिसे प्रशासन ने वापस पंचायत को सौंप दिया था।
पुलिस में शिकायत देते हुए ग्राम सचिव रूबल ने बताया कि पांच जुलाई को कब्जा धारक से ग्राम पंचायत ने जमीन वापस अपने नियंत्रण में ली थी, उस समय वहां गन्ने की फसल खड़ी थी लेकिन 20 फरवरी को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फसल को आग लगाकर नष्ट कर दिया, जिससे ग्राम पंचायत के राजस्व में भारी नुकसान हुआ।
25 फरवरी को ग्राम पंचायत सदस्यों ने जमीन का निरीक्षण कर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की सिफारिश की। इसके बाद ग्राम सचिव ने रिपोर्ट तैयार करके मामला दर्ज कराया है। पुलिस भी इस मामले को प्राथमिकता में रखकर हर पहलू की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।