गांव बोधनी में घरेलू कलह से तंग आकर एक विवाहित ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मनदीप कौर 24 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक महिला के चाचा फुम्मन सिंह की शिकायत पर महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पिहोवा थाना सदर में दर्ज शिकायत में फुम्मन सिंह वासी भूना डेरा नानक पुरा (चीका) ने कहा कि उसका भाई लखविंद्र सिंह विदेश गया हुआ है। उसके भाई के दो बेटे और एक बेटी मनदीप कौर है, जिसकी शादी 23 नवंबर 2014 को अमरीक सिंह वासी बोधनी के साथ हुई थी।
शादी से उसके पास पांच और दो साल के दो बेटे हैं। शादी के तीन चार साल तक सब कुछ ठीक ठाक रहा, लेकिन उसके बाद पति, सास सहित परिवार के अन्य लोग उसकी भतीजी से झगड़ा करने लगे और उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद उसकी भतीजी अपनी मौसी राज कौर के पास करनाल में रहने लगी थी। बेटी का घर बसाने की नीयत से बीच बचाव करते हुए पंचायती तौर पर मामला सुलझा कर मनदीप को वापस बोधनी उसके ससुराल में भेज दिया था। बावजूद उसका पति, सास और अन्य परिजन मारपीट करके उसे दहेज को लेकर परेशान करते थे। तंग आकर उसने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया और निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत पर पति अमरीक सिंह, सास स्वर्ण कौर और देवर कुलदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के हवाले कर दिया है।