मोहडी स्थित डायपर बनाने वाली कंपनी के मैनेजर ने अपनी ही कंपनी के कर्मचारी पर प्रताडना का आरोप लगाते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। मृतक की पहचान बलबीर सिंह (34) वासी गांव पनेड, थाना बगाना, जिला ऊना (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। बलबीर सिंह पिछले करीब छह महीने से कंपनी में बतौर मैनेजर कार्यरत था। घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट में बलबीर ने अपनी मौत का कारण कंपनी के कंप्यूटर ऑपरेटर ललित सांगवान को बताया है। पुलिस ने सुसाइड नोट व उसके रिश्तेदार की शिकायत पर ललित सांगवान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बलबीर के फुफेरे भाई पवन कुमार ने शिकायत में बताया कि बलबीर पिछले दो माह से छुट्टी पर था। 22 मई सुबह 10 बजे वह दोनों फैक्टरी पहुंचे थे, जहां बलबीर ने उसे बताया था कि ललित उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। शनिवार को उसे सूचना मिली कि बलबीर ने मोहड़ी स्थित किराए के कमरे में फांसी लेकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि गांव मोहड़ी में डायपर बनाने वाली कंपनी के मैनेजर का शव कमरे में फंदे से लटका है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया। छानबीन करने पर पुलिस को मौके से सुसाइड नोड बरामद हुआ, जिसमें बलबीर ने अपनी मौत का कारण ललित सांगवान को ठहराया है। पुलिस बरामद सुसाइड नोट की भी जांच करेगी।
घटना स्थल से बरामद सुसाइड नोट में बलबीर सिंह ने लिखा कि मैं बलबीर सिंह मरना चाहता हूं, मैं जीना नहीं चाहता, मेरी मौत का कारण ललित सांगवान जो मेरे साथ काम करता है। उसने मेरे को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और मजबूर किया कि मैं आत्महत्या करूं। उसने मुझे सामाजिक रूप से भी बदनाम करने की साजिश रची।