लाडवा- हिनौरी मार्ग पर वीआईपी मार्केट में दुकान पर बने मकान में एक युवक ने पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 24 वर्षीय सोनू पुत्र राजपाल निवासी नागल गुर्जर गंगोह सहारनपुर (यूपी) के रूप में हुई, जो कि करीब पांच साल से लाडवा में कार एसी मैकेनिक का काम करता था। करीब एक साल पहले ही युवक की शादी हुई थी। पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए तथा आईपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पत्नी बाला देवी ने बताया कि वह चार-पांच दिन पहले अपने मायके कुरुक्षेत्र गई थी। दो दिन से वह तथा उसके परिजन सोनू से फोन पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जब उसने फोन रिसीव नहीं किया तो उसके परिजनों ने घर जाकर देखा तो गेट का अंदर से ताला लगा हुआ था। जब छत पर सीढ़ी लगाकर ऊपर गए तो देखा कि छत में लगे पंखे पर सोनू का शव लटका हुआ है। फॉरेंसिक टीम अधिकारी चंद्रशेखर ने घटना का मुआवना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर 174 की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं दूसरी घटना खंड के गांव में मेहरा की डाबर कालोनी की है जहां एक 10 वर्षीय बच्चा खेलते हुए गंदे पानी के जोहड़ में गिर गया। जोहड़ में डूबने से बच्चे की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार अंकुश पुत्र विक्रम निवासी डाबर कालोनी मेहरा कालोनी के बाहर बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते खेलते बच्चे का पैर फिसलने से वह गंदे पानी के जोहड़ में गिर गया। आसपास खेल रहे बच्चों ने शोर मचाकर परिजनों व अन्य को बुलाया लेकिन तब तक बच्चे की डूबने से मौत हो गई। अंकुश दो बहनों का इकलौता भाई था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।