कुरुक्षेत्र। जिले की पांच सरकारी आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन कर रहे छात्रों को लगातार तकनीकी खामियों का सामना करना पड़ रहा है। दाखिला आवेदन में मात्र दो दिन शेष बचे हैं, लेकिन ऑनलाइन पोर्टल बार-बार बंद होने और ट्रेड व संस्थानों का विकल्प दिखाई नहीं देने से सैकड़ों छात्र आवेदन पूरा नहीं कर पा रहे हैं। जिससे उनकी चिंता लगातार बढ़ रही है।
सीएससी सेंटर तो कभी आईटीआई के धक्के खा रहे छात्रों का कहना है कि पोर्टल पर पहले कुछ समय तक आवेदन प्रक्रिया सामान्य चली, लेकिन पिछले कुछ दिनों से बार-बार तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं। कई बार लॉगइन करने के बाद भी ट्रेड और पसंदीदा आईटीआई का विकल्प नहीं खुलता, ऐसे में आवेदन अधूरा रह जाता है। जिले की आईटीआई कुरुक्षेत्र, आईटीआई पिहोवा, महिला आईटीआई कुरुक्षेत्र, आईटीआई शाहाबाद और महिला आईटीआई शाहाबाद में इस वर्ष करीब 23 ट्रेडों में दाखिले होने हैं। अगर समय रहते पोर्टल की तकनीकी समस्या दूर नहीं हुई तो कई छात्र समय पर आवेदन करने से वंचित रह सकते हैं।
तकनीकी दिक्कत दूर कराने के लिए मुख्यालय से किया गया संपर्क : नोडल अधिकारी
जिला नोडल अधिकारी जगमोहन ने बताया कि पोर्टल पर आ रही तकनीकी समस्याओं की जानकारी मुख्यालय को भेज दी गई है। ट्रेड और संस्थानों से संबंधित विकल्प के लिए सरकार दोबारा से पोर्टल खोलेगी जिसके बाद छात्र ट्रेड और संस्थान को अप्लाई कर सकते हैं।