संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में उत्तर भारत के सबसे बड़े सांस्कृतिक महोत्सव कॉन्फ्लुएंस शिमरिंग सियोरी में रविवार का दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम रहा। मोनो एक्ट, डुएट डांस, रैप बैटल, सोलो सिंगिंग और बीट बॉक्सिंग जैसे मनोरंजक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दूरदराज के शिक्षण संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने जलवा दिखाया तो दर्शक भी झूमने लगे। दिन भर कार्यक्रमों की झड़ी लगी रही, जिसका दर्शकों ने खूब आनंद उठाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति को लेकर जहां छात्र-छात्राओं में जोरदार उत्साह बना रहा तो वहीं दर्शक भी जमे रहे।
सायं काल हुई बेस्ट ऑफ 2 के 19 में संस्थान के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र एवं छात्राओं ने मंच संचालन से लेकर नृत्य और संगीत में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद मिक्स एन मैच एवं कोरियोनिट जैसी संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें निर्णायक की भूमिका में डॉ. रत्ना दहिया और डॉ. विभा वर्मा ने निभाई। एकांकी में निर्णायक की भूमिका डॉ. संगीता गुप्ता, डॉ. करण शर्मा रेडियो आर्टिस्ट बृज शर्मा एवं नीरज कौशिक ने निभाई।
उधर महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को मुख्य आकर्षण का केंद्र फैशन शो लिबास रहा। फैशन शो में एनआईटी के साथ-साथ देशभर से आई टीमों ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। लिबास की जगमगाहट और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा एनआईटी परिसर गूंज उठा, कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां हुई।
इस कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका डॉ. संध्या मित्तल और डॉ. शिखा अरोड़ा ने निभाई। इस मौके पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण दिक्षित गर्ग, डॉ राजीव वर्मा प्रोक्टर, प्रोफेसर प्रतिभा अग्रवाल संकाय प्रभारी, प्रोफेसर शैली वधेरा संकाय प्रभारी, डॉ. यश चंद्र द्विवेदी, डॉ. योगेश अग्रवाल, डॉ. बबिता सैनी. डॉ. सेंथिल आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नृत्य की प्रस्तुति देतीं छात्राएं। संवाद- फोटो : Kurukshetra
एनआईटी में आयोजित फैशन शो में हिस्सा लेते विद्यार्थी। संवाद- फोटो : Kurukshetra