संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र गांव हथीरा में शराब के ठेके पर डेयरी संचालक की हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी शराब ठेकेदार पवन, विकास उर्फ काली वासी किरमिच व राजकुमार निवासी हथीरा को अदालत के आदेश से दो दिन के रिमांड लिया है।
थाना केयूके में पांच अक्तूबर को दर्ज शिकायत में पुरुषोत्तम निवासी हथीरा ने कहा था कि नौ सितंबर की रात करीब नौ शराब ठेकेदार पवन नशे में धुत होकर उसकी डेयरी पर आया था। उसने डेयरी पर अवैध रूप से शराब बेचने का आरोप लगाकर उसके साथ गालीगलौज की थी। तब उसने उसे समझा बुझाकर अगले दिन मिलने की बात कहकर वापस भेज दिया था।
अगली रात करीब साढ़े आठ बजे वह उसके शराब के ठेके पर पहुंचा तो पवन ने अपने साथी संजीव भूरा उर्फ फौजी, अनिल उर्फ निल्ली, विक्रम उर्फ काली, विकास निवासी किरमिच व राजकुमार ने तलवार,लोहे की रॉड, गंडासी, डंडे व बिंडे से हमला करके उसे बुरी तरह से जख्मी कर दिया था। लोगों को एकत्रित होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र दाखिल कराया था, जहां से उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल करनाल तथा यहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। 12 अक्तूबर को पुरुषोत्तम की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़कर आरोपी पवन, विकास व राजकुमार को गिरफ्तार करके दो दिन के रिमांड पर लिया है।