शाहाबाद। मारकंडा नेशनल कॉलेज में आयोजित युवा संसद के सभी छात्रों को सांसद नवीन जिंदल ने युवा संसद की संयोजिका एवं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शालिनी शर्मा के नेतृत्व में दिल्ली आमंत्रित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से दिल्ली स्थित स्टेडियम में पोलो मैच देखने की व्यवस्था की। इस अवसर पर 50 छात्रों के साथ-2 प्रो. कपिल और निधि भी उपस्थित रहे।
दिल्ली पहुंचने पर सांसद नवीन जिंदल ने पूरी टीम को भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात करवाई। उपराष्ट्रपति ने विद्यार्थियों के साथ सकारात्मक चर्चा की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिंदल फाउंडेशन की अध्यक्ष शालू जिंदल भी उपस्थित रहीं। डॉ. शालिनी शर्मा ने बताया कि सांसद नवीन जिंदल की कुरुक्षेत्र टीम ने महाविद्यालय से लेकर पोलो ग्राउंड तक तथा वापसी यात्रा के दौरान विद्यार्थियों की देखभाल अभिभावकों की तरह की। टीम में विनोद गर्ग, आकाश राणा और अन्य सदस्य शामिल थे।
पोलो ग्राउंड पहुंचते ही विद्यार्थी सांसद नवीन जिंदल से मिलकर और उनकी कप्तानी में पैंथर जिंदल टीम का हिस्सा बनकर अत्यंत उत्साहित हुए।
सांसद नवीन जिंदल ने न केवल उन्हें उपराष्ट्रपति से मिलवाया बल्कि स्वयं भी व्यक्तिगत रूप से विद्यार्थियों का ध्यान रखा। उन्होंने छात्रों को पोलो खेल की बारीकियों से अवगत कराया और कई बार उनसे संवाद किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार ने सांसद नवीन जिंदल का आभार व्यक्त किया। डॉ. शालिनी शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा संसद के 56 विद्यार्थी भी उपस्थित थे।