कुरुक्षेत्र। राजकीय कन्या महिला महाविद्यालय पलवल में 17 से 19 सितंबर तक कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल कौशल पर तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को पढ़ाई, रोजगार और डिजिटल कौशल में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी मिली। पहले दिन सहायक प्रोफेसर डॉ. सुरेश कुमार ने रसायन विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को समझने में एआई उपकरणों की उपयोगिता समझाई। दूसरे दिन सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रियंका ने स्नातक के बाद कॅरिअर और रोजगार के अवसरों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा की। अंतिम दिन सहायक प्रोफेसर करमजीत कौर ने एआई की मदद से प्रभावी रिज्यूमे बनाने और वेबसाइट डिजाइन की व्यावहारिक जानकारी दी। प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल कौशल विद्यार्थियों की रोजगारपरकता और भविष्य की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण हैं।