कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय त्वरित हैकाथॉन सिनैप्स 26 का रविवार को समापन हो गया। 28 और 29 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लगातार 48 घंटे तक कोडिंग, तकनीकी प्रयोग और समस्या समाधान पर काम किया। संस्थान नवाचार परिषद (आईआईसी) और टेक्नोबाइट की ओर से आयोजित इस हैकाथॉन का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीक के माध्यम से वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान तैयार करने के लिए मंच प्रदान करना था। प्रतियोगिता में 7000 रुपये का नकद पुरस्कार रखा गया।
हैकाथॉन में विद्यार्थियों को पांच तकनीकी क्षेत्रों में से समस्या चुनकर समाधान तैयार करने का अवसर दिया गया। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग, कंप्यूटर विजन एवं बुद्धिमान स्वचालन, वेब एवं सॉफ्टवेयर विकास, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) तथा यांत्रिक प्रणालियों में मशीन लर्निंग का एकीकरण शामिल रहा। प्रत्येक टीम में चार सदस्य रखे गए थे और टीम में कम से कम एक छात्रा का होना अनिवार्य था।
प्रतिभागियों ने तकनीकी कौशल, रचनात्मक सोच और आपसी सहयोग के आधार पर अपने विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदलने का प्रयास किया। आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ. ब्रह्मजीत सिंह के संरक्षण तथा डॉ. महेश पाल के मार्गदर्शन में हुआ। डॉ. नियति बालियान और डॉ. करमदीप सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. राजीव राठी और डॉ. सुशील कुमार ने किया।
सोमवार को घोषित होगा परिणाम
एनआईटी के प्रवक्ता प्रो. डॉ. दिलबाग ने बताया कि दो दिनों तक विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता का परिणाम और विजेता टीमों के नाम सोमवार को घोषित किए जाएंगे। रविवार को अवकाश होने के कारण परिणाम की घोषणा नहीं की जा सकी।