संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय महाविद्यालय में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर कॉलेज स्टाफ ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। प्राचार्य डॉ. हरि प्रकाश शर्मा ने विद्यार्थियों को नेताजी के चरित्र और संघर्ष का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि नेता जी ने इंग्लैंड से आईसीएस की परीक्षा पास की। साथ ही आजादी की लड़ाई के लिए कई बार जेल गए। नेताजी ने अंग्रेजों से टक्कर लेने के लिए आजाद हिंद फौज की स्थापना की, जिसने ब्रिटिश हुकूमत की जड़े हिलाने का काम किया।
इस अवसर पर कॉलेज में इतिहास विभाग एवं राजनीति शास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी कराया गया, जिसमें कॉलेज से 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रश्नोत्तरी का विषय नेता जी सुभाष चंद्र बोस का जीवन और उनका राष्ट्रीय आंदोलन में योगदान रहा। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक डॉ. मोहन लाल, डॉ. सुदेश बंसल सहित स्टाफ मौजूद रहा।
नेताजी के आदर्शों पर चलने की जरूरत : गजेंद्र
इस्माईलाबाद। डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल लुखी में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती मनाई गई। प्रधानाचार्य सहित स्कूल स्टाफ ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। प्रधानाचार्य गजेंद्र शर्मा ने बताया कि नेताजी ने भारत को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता में उनके योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। हमें नेताजी के आदर्शों पर चलना चाहिए। इस मौके पर मधु शर्मा, अनु बाला, राजेश, अंजना, दलजीत कौर, हर्ष सहित अन्य उपस्थित रहे। संवाद
नेता जी सुभाषचंद्र बोस को याद किया
कुरुक्षेत्र। श्रीमती केसरी देवी लोहिया जयराम पब्लिक स्कूल लोहार माजरा में नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गई। प्रिंसिपल अंजू अग्रवाल सहित अध्यापिकाओं ने सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
प्रिंसिपल ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस एक सच्चे वीर सपूत थे। वह स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी तथा सबसे बड़े महान नेता थे, जिन्होंने तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा का नारा दिया। इस मौके पर प्रभजोत विर्क, नीलम शर्मा, किरण गौड़, रंजना शर्मा, कविता, ममता, वंदना, मृदुला रावत सहित अध्यापिकाएं मौजूद रहीं। संवाद