कुरुक्षेत्र। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चढ़ूनी जट्टान गांव में कार्यक्रम में प्रस्तुति देत
कुरुक्षेत्र। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चढ़ूनी जट्टान गांव में शनिवार को बोनालू त्योहार मनाया गया, जो कि तेलंगाना राज्य का प्रसिद्ध त्योहार है। इस कार्यक्रम का आयोजन एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया था। प्राचार्य डॉ. विजय कौशिक ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने तेलंगाना राज्य की वेशभूषा धारण कर प्रसिद्ध नृत्य बोनालू की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे देखकर दर्शक झूम उठे। इसके पश्चात विद्यार्थियों को तेलंगाना की तेलुगु भाषा के बारे में जानकारी दी गई साथ ही वहां के रहन-सहन व संस्कृति के बारे में चर्चा की गई।
गतिविधि इंचार्ज अर्चना चौहान ने बताया की एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना का मुख्य उद्देश्य विभिन्न प्रदेशों व केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों के बीच संस्कृति व त्योहारों का आदान-प्रदान करना है। योजना के तहत हरियाणा राज्य को तेलंगाना राज्य के साथ एक वर्ष के लिए जोड़ा गया है। इसको लेकर हर महीने एक साल तक सभी विद्यालयों में एक्टिविटी करवाई जाएगी। तेलंगाना राज्य में जुलाई के महीने में प्रसिद्ध त्योहार बोनालू मनाया जाता है, जिसके चलते विद्यालय में बोनालू त्योहार के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।