कुरुक्षेत्र। करीब एक सप्ताह पहले कुवि के छात्रावासों में चार पहिया वाहनों की बंद की गई एंट्री बुधवार को उस समय खोलनी पड़ी जब देर रात करीब 10 बजे छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने जमकर नारेबाजी करते हुए करीब एक घंटे तक रोष जताया। विश्वविद्यालय के पुरुष छात्रावास परिसर में चार पहिया वाहन की एंट्री को प्रशासन द्वारा हाल ही में बंद करने का निर्णय लिया गया था, जिसको लेकर छात्रों में उसी दिन से रोष बना हुआ था।
कुवि प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ये फैसला लिया गया था। जारी किए गए आदेशों के अनुसार केवल छात्रावास में कार्यरत स्टाफ के वाहन और मकान नंबर डी-50 से डी-60 तक के लोगों की गाड़ी को ही छात्रावास परिसर से जाने की अनुमति होगी लेकिन छात्र अपनी गाड़ियां क्रांति पार्क के साथ लगती सेंट्रल पार्किंग में खड़ी कर सकेंगे। केवल दो पहिया वाहन ही छात्र छात्रावास परिसर में ले जा सकेंगे लेकिन प्रशासन इसको लागू करने में असफल रहा और चार पहिया वाहनों का प्रवेश रात को ही खोल दिया गया।
आउटसाइडर गाड़ियों की एंट्री पर रहेगा निषेध : प्रो. जसबीर
चीफ वार्डन प्रो. जसबीर सिंह का कहना है कि छात्रों के अनुरोध करने के बाद विवि में पढ़ने वाले छात्रों के वाहनों के लिए ही एंट्री खोली गई है, जिस छात्र के पास आईकार्ड होगा या जिस गाड़ी पर विवि द्वारा जारी किया गया स्टीकर होगा, केवल उसको ही एंट्री मिलेगी। उनका कहना है कि आउटसाइडर गाड़ियों की एंट्री बिल्कुल निषेध रहेगा, जिससे अनुशासन बना रहेगा। बिना स्टीकर गाड़ियां सेंट्रल पार्किंग में ही लगाई जाएंगी।